दुर्गा प्रतिमा स्थापना के साथ बंगिया सांस्कृतिक सम्मिलनी, चण्डीगढ़ द्वारा दुर्गोत्सव शुरू

0
1109

चण्डीगढ़

11 अक्टूबर 2021

दिव्या आज़ाद

बंगिया सांस्कृतिक सम्मिलनी, चण्डीगढ़ द्वारा से.35 स्थित बंग भवन में दुर्गा प्रतिमा स्थापना के साथ ही आज से विधिवत दुर्गोत्सव शुरू हो गया है जो 15 अक्टूबर तक चलेगा। संस्था के अध्यक्ष अनिन्दु दास ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि आज सांय देवी वंदना व बेल के पेड़ के नीचे महादेव की पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रमों का प्रारम्भ हुआ व दुर्गा प्रतिमा स्थापित की गई। संस्था के साथ जुड़े पुजारी सुनील चटर्जी ने पूरे विधि-विधान के साथ सब धार्मिक कार्य सम्पन्न किए। तत्पश्चात संस्था के वाईस प्रेजिडेंट भवानी पाल की  देख-रेख में सांस्कृतिक कार्यक्रम आगमनी का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि 12 अक्टूबर से रोजाना सुबह-शाम को   धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा एवं दोपहर व रात्रि को प्रसाद भोज भी परोसा जाएगा। 15 अक्टूबर को दशमी के रोज घग्गर नदी में दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा व तत्पश्चात सिन्दूर खेला होगा।

अनिन्दु दास ने बताया कि दुर्गा पूजा या दुर्गोत्सव, जिसे शरदोत्सव अथवा शारदीय दुर्गा पूजा के नाम से भी जाना जाता है, पिछले कई वर्षों से संस्था द्वारा धूम-धाम से मनाया जाता रहा है, परन्तु पिछले वर्ष महामारी के कारण कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए प्रतीकात्मक तरीके से ही मनाया गया था। इस बार कुछ छूट मिली है, परन्तु फिर भी प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन्स का पालन करते हुए ये उत्सव मनाया जाएगा।

LEAVE A REPLY

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.