चण्डीगढ़

20 नवंबर 2019

दिव्या आज़ाद

नगर भाजपा के नए मुखिया की ताजपोशी जल्द होने जा रही है। इस पद के लिए मुख्यतः चार नाम सामने हैं जिनमें से स. सतिंदर सिंह एडवोकेट,  राजकिशोर, धीरेंद्र तायल व देवेश मोदगिल शामिल हैं। इनमें से स. सतिंदर सिंह सबसे मजबूत दिख रहे हैं क्योंकि शहर की अफसरशाही पर इनकी मजबूत पकड़ है व बड़े से बड़े अफसर भी इनके आगे नतमस्तक होते हैं। सतिंदर सिंह अपनी इमानदारी एवं दबंगई के लिए ख्यात है व उन्होंने कई स्कैंडल्स का पर्दाफाश किया है। इसके अलावा  स्थानीय सांसद किरण खेर की भी प्रधान पद के लिए सतिंदर सिंह ही एकमात्र व पहली पसंद है तथा उन्होंने उनके लिए पूरा जोर लगा रखा है। बेहद सादगी प्रिय स. सतिंदर सिंह भाजयुमो के स्थानीय प्रधान व पार्षद भी रह चुके हैं। पार्षद के चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के कद्दावर नेता देविंद्र सिंह बबला को भारी वोटों से हराया था, वो भी तत्कालीन केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल के अपने वार्ड से। बीते लोकसभा चुनाव में किरण खेर के चुनाव प्रचार अभियान की कमान भी उनके पास ही थी। संघ का भी झुकाव इनकी ही तरफ ज्यादा है। सार्वजनिक जीवन में नैतिकता व उच्च आदर्शों के पैरोकार सतिंदर सिंह संघ की विचारधारा पर खरे उतरते हैं व आम भाजपा कार्यकर्ताओं में भी लोकप्रिय हैं।

दूसरे उम्मीदवार राजकिशोर भाजपा के दिवंगत नेता महावीर प्रसाद के छोटे भाई हैं। उनका जमा जमाया कारोबार है व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ उनकी सीधी व अच्छी पहचान है। दरअसल जब नरेंद्र मोदी चंडीगढ़ व हरियाणा में भाजपा के प्रभारी थे तो उन्होंने महावीर प्रसाद व राजकिशोर के पंचकूला के से. 7 स्थित आवास को ही अपना ठिकाना बनाया था। इस नाते मोदी उन्हें व उनके बारे में अच्छे से जानते हैं। राजकिशोर को वर्तमान अध्यक्ष संजय टंडन भी आगे बढ़ा रहे हैं ताकि उनके जरिए संगठन पर पकड़ बनी रहेगी। वर्तमान में वे नगर भाजपा के खजांची भी हैं।

उधर भारत सरकार के अतिरिक्त सॉलीसीटर जनरल व पूर्व सांसद सत्यपाल जैन के खेमे से पूर्व मेयर व पार्षद देवेश मोदगिल के लिए लॉबिंग की जा रही है। वे धुरंधर वकील जैन के होनहार व प्रतिभाशाली शिष्य हैं। देवेश युवा नेता हैं व साफ छवि के मालिक हैं। उनका किरण खेर के साथ भी अच्छा तालमेल है व उनको मेयर बनाने के लिए किरण खेर ने भी पूरा जोर लगाया था।

चौथा नाम धीरेंद्र तायल का है जो एक प्रतिष्ठित परिवार से हैं। तायल शहीद बाबू हिताभिलाषी के पुत्र हैं। उनकी माता शांता हिताभिलाषी हैं जो वरिष्ठ भाजपा नेता व शहर की पूर्व महापौर रह चुकीं हैं। उग्रवाद के दौर में उनके पिता सेक्टर 11 में उग्रवादियों के हाथों शहीद हो गए थे। वे पंजाब में कद्दावर नेता थे व अकाली भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री थे। तायल पंजाब विश्वविद्यालय की सीनेट के सदस्य रहें हैं व उनके बड़े भाई नीरज तायल भी चण्डीगढ़ भाजपा के बड़े नेता रहें हैं।

आने वाले दिनों में जल्द ही भाजपा को नया अध्यक्ष मिल जाएगा। यहां ये बात उल्लेखनीय है कि वर्तमान भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन के कार्यकाल में भाजपा ने नई बुलंदियों को छुआ। चंडीगढ़ में ना केवल दो बार भाजपा का सांसद बना बल्कि नगर निगम में भी भाजपा ने भारी बहुमत हासिल किया। इसके अलावा चण्डीगढ़ मार्केट कमेटी में भी भाजपा ने जीत प्राप्त की। वह लगातार 10 साल से भाजपा के अध्यक्ष पद पर काबिज हैं। ये उपलब्धि भारतीय जनता पार्टी की देश भर की इकाइयों में सिर्फ संजय टंडन के ही खाते में है।

आखिर में मुख्य मुकाबला स. सतिंदर सिंह व राजकिशोर में ही लगता है। गौरतलब है कि पहले भी कई नाम भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के लिए उभरे जिनमें प्रदीप शर्मा, चंद्रशेखर व प्रेम कौशिक आदि मुख्य थे पर आखिरकार संजय टंडन ही इस पद पर भाजपा हाईकमान की पसंद बने रहे।

LEAVE A REPLY

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.