पूर्वांचल वैल्फेयर एसोसिएशन के चुनाव में भाजपा के दो धड़े आमने-सामने : मतदान 30 सितंबर को

0
2469
चण्डीगढ़
27 सितंबर 2018
दिव्या आज़ाद
पूर्वांचल वैल्फेयर एसोसिएशन के 30 सितंबर को होने वाले चुनाव में भाजपा की एकता एक बार फिर बिखरती नजर आ रही है। इस चुनाव में भाजपा के ही दो गुट आमने सामने हैं। एक गुट राजिंदर सिंह का है जो पिछले कई वर्षों से इस संस्था पर निर्विरोध काबिज हैं। दूसरा गुट अरविंद दुबे का है जो कांग्रेस नेता महेंद्र दुबे के छोटे भाई हैं तथा साथ ही इंदिरा कालोनी वैल्फेयर एसोसिएशन के प्रधान भी हैं। वे भाजपा के दबंग नेता अनिल दुबे के समर्थक हैं।

अनिल दुबे ने अरविंद दुबे को जिताने के लिए पूरी ताकत झोकी हुई है व वे घर घर जाकर अपने गुट के प्रत्याशियों के लिए समर्थन मांग रहे हैं।  उधर राजिंदर सिंह के गुट के साथ भाजपा के दिग्गज नेता हरिशंकर मिश्रा, भाजपा कालोनी सेल के प्रधान मुकेश राय, पप्पू शुक्ला एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व महासचिव शशिशंकर तिवारी आदि हैं। जो गुट के प्रत्याशियों को जिताने के लिए दिन रात एक किए हुए हैं। इस चुनाव के चलते भाजपा व कांग्रेस के अन्य बड़े नेता भी अपने-अपने प्रभाव का इस्तेमाल करके मतदाताओं को रिझाने में जुटे हुए हैं।
हालांकि इस संस्था के सदस्य हजारों की संख्या में हैं परंतु मतदान का अधिकार केवल 342 सदस्यों को ही है। चुनाव अधिकारी डॉ. एसडी पाण्डे व आईपीएन सिंह ने बताया कि कुल 11 पदों पर चुनाव होने थे जिनमें से तीन प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो गए जिस कारण अब आठ पदों पर चुनाव हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि निर्विरोध जीते प्रत्याशियों में भोला राय (सचिव), लाल झा (संगठन मंत्री) व पीपी यादव (कैशियर) हैं। बाकी पदों पर राजिंदर सिंह गुट की ओर से चेयरमैन पद के लिए खुद राजिंदर सिंह, अध्यक्ष पद के लिए डीके सिंह, महासचिव पद के लिए रमाकांत राय, सीनियर उपाध्यक्ष पद के लिए यूके सिंह, आडिटर पद के लिए लाल बहादुर, संयुक्त सचिव पद के लिए सुनील गुप्ता, उपाध्यक्ष पद के लिए राजीव गोबिंद राव व प्रेस सचिव पद के लिए राजीव पाण्डे चुनाव मैदान में हैं।
उधर अरविंद दुबे गुट की ओर से चेयरमैन पद के लिए एडवोकेट विनय सिंह, प्रधान पद के लिए खुद अरविंद दुबे, महासचिव पद के लिए धनन्जय सिंह, सीनियर उपाध्यक्ष पद के लिए राजेश कुमार मौर्या, आडिटर पद के लिए भारत कुमार सिंह, संयुक्त सचिव पद के लिए महेंद्र चौबे, उपाध्यक्ष पद के लिए अजय कुमार सिंह व प्रेस सचिव पद के लिए संजय कुमार चौबे को चुनाव मैदान में उतारा गया है।  चुनाव परिणाम 30 की देर शाम को घोषित कर दिए जाएंगे।

निर्विरोध निर्वाचित लाल झा को राजिंदर सिंह गुट ने अपने पोस्टर पर जगह दी

मजे की बात यह है कि राजिंदर सिंह गुट अपने पोस्टरों में निर्विरोध निर्वाचित लाल झा व भोला राय को जगह देकर इन्हें इस गुट का साबित कर रहा है जबकि तीसरे निर्वाचित यादव को इन्होंने अपने पोस्टर में जगह नहीं दी है जबकि अरविंद दुबे गुट के पोस्टरों में केवल चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों के ही नाम है। इस बाबत पूछने पर लाल झा ने बताया कि दोनों गुट हमारे अपने हैं और पूर्वांचल के लोग हमारे परिवार की तरह हैं। उन्हें एक गुट द्वारा अपने पोस्टर पर फोटो लगाने से कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि हमें चुनाव लडऩे के लिए दोनों गुटों में संपर्क किया था।

रमाकांत राय ने वीडियो जारी कर कालोनी के नेताओं को कोसा

राजिंदर सिंह गुट की ओर से महामंत्री के पद पर चुनाव लड़ रहे रामाकांत राय ने एक वीडियो जारी कर अपने गुट की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि उन्होंने शहर में पूर्वांचल वासियों के लिए कई काम किए हैं जिनमें रेलगाडिय़ां शुरू करवाने से लेकर छठ पूजा के लिए जगह उपलब्ध कराना आदि शामिल है।
उन्होंने वीडियो में कालोनी के नेताओं पर आरोप लगाया है कि कालोनी के भोले-भाले पूर्वांचलवासियों का शोषण करते हैं व उन्हें रंगे सियार बताते हुए उनसे सावधान रहने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.