चंडीगढ़
16 जुलाई 2021
दिव्या आज़ाद
चंडीगढ़ कांग्रेस पूर्वांचल सेल ने आज एक प्रेस वार्ता करके भाजपा की पार्षद शिप्रा बंसल से माइग्रेंट्स माफी मांगने को कहा है। 14 जुलाई को इंडिया न्यूज़ द्वारा चंडीगढ़ मानसून पर एक डिबेट की गई थी जिसमें चंडीगढ़ की चरमराई हुई सफाई व्यवस्था के बारे में बात की गई।
इस डिबेट में कांग्रेस की तरफ से महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे, बीजेपी की पार्षद शिप्रा बंसल और चंडीगढ़ के आरटीआई एक्टिविस्ट आर. के. गर्ग शामिल थे।
जब शिप्रा बंसल से पूछा गया कि चंडीगढ़ मे मानसून आ गया है और चंडीगढ़ की सड़क, सिवरेज, रोड, गली पार्कों व पेड़ों का बुरा हाल है। तो इस पर शिप्रा बंसल ने कहा कि चंडीगढ़ मे आने वाले माइग्रेंट (प्रवासी) लोग ही खराब कर रहे हैं सिटी ब्यूटीफुल को।
कांग्रेस पूर्वांचल सेल ने इस पर एक प्रेस वार्ता करके शिप्रा बंसल के बयान का विरोध किया है और कहा कि अगर आप किसी का सम्मान नहीं कर सकते तो किसी को भला बुरा कहने का भी कोई अधिकार नहीं है। कांग्रेस महासचिव शशीशंकर तिवारी ने कहा कि जिन लोगों को शिप्रा बंसल माइग्रेट कह रही है उन्हीं के बलबूते पर आज वे सत्ता में हैं। इस शहर को सुंदर बनाने में इनका सबसे ज्यादा योगदान है। शिप्रा बंसल को अपनी गलती के लिए माफी मांगनी होगी। कांग्रेस कॉलोनी सेल चेयरमैन मुकेश राय ने कहा कि अगर इस गलती के लिए शिप्रा बंसल ने जल्द माफी नही मांगी तो कांग्रेस कॉलोनी सेल जल्द उनका पुतला जलायगा और रोष प्रदर्शन करेगा।
कांग्रेस पूर्वांचल सेल के चेयरमैन रमेश शर्मा ने कहा कि पूर्वांचल के लोगों को माइग्रेंट कह कर अंग्रेजी भाषा में गाली देने से काम नहीं चलेगा काम करना पड़ेगा। ऐसे पला झाड़ने से चंडीगढ़ की जनता इस बार बख्शेगी नहीं। अगर दो दिन के अंदर शिप्रा बंसल सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगती तो बहुत जल्द उनके घर के आगे शिप्रा बंसल का पुतला दहन किया जाएगा। शहर के अलग-अलग हिस्सों में भी शिप्रा का पुतला दहन होगा।