Site icon WorldWisdomNews

राशन से पहले कोरोना व परेशानी बाँट रहा है प्रशासन : विनोद अग्रवाल


चण्डीगढ़

6 अक्टूबर 2021

दिव्या आज़ाद

खाद्य एवं आपूर्ति विभाग चंडीगढ़ ने कुछ समय पहले चण्डीगढ़ के हकदार लोगों को गेहूं बाँटने के दौरान गन्दी गेहूँ वितरित कर दी थी। इस मामले में भाजपा नेता विनोद अग्रवाल ने जनता की ओर से आवाज बुलंद की तो प्रशासन जागा और चण्डीगढ़वासियों को खाने के लायक साफ गेंहू मिलने लगा।

अब फिर अनेक लोगों ने  वार्ड नं 26 पार्षद व नगर निगम के पूर्व उपमहापौर विनोद अग्रवाल को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग में उनको पेश आ रही परेशनियों के बारे बताया। लोगों के आग्रह पर विनोद अग्रवाल खाद्य एवं आपूर्ति कार्यालय सेक्टर 17 चंडीगढ़ में पहुंचे।

विनोद अग्रवाल ने बताया कि मौके पर उन्होंने देखा कि फार्म जमा करने के लिए शहर के कोने-कोने से हजारों की संख्या में महिला, पुरूष, और वृद्ध पहुंचे थे और लाईनों में खड़े थे। कड़कती धूप में कुछ महिलाओं ने अपने छोटे-छोटे बच्चों को गोद में उठा रखा था। लोगों ने बताया कि घण्टों लाईन में जाने के बाद जब वे फार्म जमा करने खिड़की पर गए तो फार्म में कोई गलती बता कर वापिस भेजा गया। इस तरह लोगों को कई दिन तक बार आना पड़ रहा है।


उपरोक्त गलत तरीके से हजारों लोगों की भीड़ जमा हो रही है, लोग परेशान हो रहे हैं व कोरोना के फैलने का खतरा बढ़ रहा है । विनोद अग्रवाल ने कहा कि अगर फार्म जमा करने के लिए जनसम्पर्क केन्द्रों को निर्देश दिए जाएं और उसके साथ साथ चण्डीगढ़ नगर निगम के सभी पार्षद लोगों के फार्म जमा करने के लिए सहयोग दें तो लोगों की परेशानी के साथ साथ कोरोना के फैलने का खतरा भी कम हो सकता है।